संवेदनशील पहल: दिव्यांग सनातन भुईयां को फिर मिला सहारा – टूटी ट्राई साइकिल के बाद प्रशासन व समाज के सहयोग से मिली नई ट्राई साइकिल

कुकड़ू, 21 जनवरी : कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत आदरडीह गांव निवासी विशेष आवश्यकता वाले व्यक्ति (CWSN) सनातन भुईयां के साथ विगत 16 जनवरी को असामाजिक तत्वों द्वारा की गई अमानवीय घटना के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सराहनीय पहल की है। ट्राई साइकिल तोड़ दिए जाने की सूचना मिलते ही मामले से प्रखंड विकास पदाधिकारी कुकड़ू एवं बाल विकास पदाधिकारी कुकड़ू को तत्काल अवगत कराया गया था।
प्रशासनिक पहल और सामाजिक सहयोग के परिणामस्वरूप आज बाल विकास पदाधिकारी कुकड़ू द्वारा सनातन भुईयां को नई ट्राई साइकिल ससम्मान प्रदान की गई, जिससे उनके दैनिक जीवन में फिर से आत्मनिर्भरता लौट आई।
इस अवसर पर झारखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व प्रखंड अध्यक्ष (JMM) इंद्रजीत महतो, युवा अध्यक्ष एवं शिक्षक गुणाधर महतो तथा झूलन कुमार की उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील शासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का बेहतरीन उदाहरण बताया।
मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि दिव्यांगजनों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या उत्पीड़न अस्वीकार्य है और समाज को उनके सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा आगे आना चाहिए। नई ट्राई साइकिल पाकर सनातन भुईयां के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।
यह पहल न केवल एक जरूरतमंद व्यक्ति को राहत देने का कार्य है, बल्कि समाज में मानवता, सहयोग और सकारात्मक सोच का सशक्त संदेश भी देती है।



