चौका में 55 लाख की लागत से बनेगा उप-स्वास्थ्य केंद्र, हुआ विधिवत शिलान्यास

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चौका में 55 लाख की लागत से बनेगा उप-स्वास्थ्य केंद्र, हुआ विधिवत शिलान्यास

चांडिल, 19 जनवरी : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल प्रखंड के चौका में 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप-स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण चौक थाना के सामने टाटा रांची राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कराया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, जिला परिषद सदस्य सविता मार्डी, चौका पंचायत के मुखिया कुनाराम माझी, चौका के ग्राम प्रधान सचीकांत महतो सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से चौका एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के शुरू होने से मरीजों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

वहीं, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना प्राथमिकता है और यह उप-स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। उन्होंने संवेदक से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण गुणवत्ता पूर्ण रूप से समय सीमा के अंदर करने के लिए कहा। मौके पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा करने की मांग की।

शिलान्यास कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों का आभार जताया और जल्द से जल्द उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की उम्मीद व्यक्त की।

Share This Article