पुस्तक दान शिविर को मिला उत्साहजनक जनसमर्थन, प्रथम दिन 350 पुस्तकें प्राप्त – उपायुक्त ने भी किया पुस्तक दान

जमशेदपुर, 17 जनवरी : जिला प्रशासन के सहयोग से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा डीएम म्युनिसिपल लाइब्रेरी के लिए आयोजित पुस्तक दान शिविर के प्रथम दिन शहरवासियों का सराहनीय सहयोग देखने को मिला। शिविर का उद्देश्य सार्वजनिक पुस्तकालय को समृद्ध करना तथा विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम पाठकों को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है।
प्रथम दिवस प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 350 ज्ञानवर्धक पुस्तकों का दान किया। लोगों की सक्रिय सहभागिता से यह स्पष्ट हुआ कि शहर में शिक्षा, पठन-पाठन एवं ज्ञान-संवर्धन के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित हो रहा है।
प्रथम दिन के प्रमुख पुस्तक दाताओं में उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम कर्ण सत्यार्थी (आईएएस), मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शाहिर पाल, शिवांशु, सम्राट चक्रवर्ती, पत्रकार अन्नी अमृता एवं मंजू खंडेलवाल शामिल रहे।
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति एवं डीएम म्युनिसिपल लाइब्रेरी प्रबंधन ने सभी पुस्तक दाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही बताया कि पुस्तक दान शिविर आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी उपयोगी पुस्तकों का दान कर इस सामाजिक पहल को सफल बनाएं।
यह पुस्तक दान अभियान डीएम म्युनिसिपल लाइब्रेरी को और अधिक समृद्ध बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं पाठकों के लिए एक सशक्त ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा।



