सोमा मुंडा हत्याकांड के विरोध में झारखंड बंद, रांची में जनजीवन ठप

रांची, 17 जनवरी : खूंटी के पहड़ा राजा सोमा मुंडा की निर्मम हत्या के विरोध में आज आदिवासी समुदायों द्वारा आहूत झारखंड बंद का राजधानी रांची में व्यापक असर देखने को मिला। बंद के कारण शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा।
अल्बर्ट एक्का चौक, करमटोली चौक सहित कई इलाकों में आदिवासी संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और हत्यारों को फांसी देने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह हत्या आदिवासी समाज के खिलाफ एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
झारखंड बंद के चलते अल्बर्ट एक्का चौक और आसपास के क्षेत्रों में लगभग सभी दुकानें बंद रहीं। जो दुकानें खुली थीं, उन्हें भी प्रदर्शनकारियों ने बंद करा दिया। इस दौरान अल्बर्ट एक्का चौक के पास रस्सी लगाकर सड़क को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे यातायात ठप हो गया। मेन रोड से आने वाले वाहनों को प्लाजा रोड की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
वहीं करमटोली चौक पर प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठकर आवागमन पूरी तरह रोक दिया, जिससे क्षेत्र में लंबा जाम लग गया। बंद के कारण सार्वजनिक परिवहन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। राजधानी के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। समाचार लिखे जाने तक विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन जारी था और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।



