सड़क हादसा में विस्थापित मुक्ति वाहिनी के वरिष्ठ नेता श्यामल मार्डी गंभीर रूप से घायल, रिम्स रेफर

चांडिल, 17 जनवरी : सरायकेला–खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल–पुरुलिया बाइपास मार्ग पर शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में विस्थापित मुक्ति वाहिनी के वरिष्ठ नेता श्यामल मार्डी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड बंद के आह्वान के तहत आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए श्यामल मार्डी अपने गांव गांगुडीह से मोटरसाइकिल पर सवार होकर घोड़ानेगी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्यामल मार्डी असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े और पास से गुजर रहे एक ट्रैक्टर से जा टकराए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल श्यामल मार्डी को प्राथमिक उपचार के लिए टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच), जमशेदपुर पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच में सामने आया कि उनके शरीर के दाहिने हिस्से की चार पसलियां टूट गई हैं, जबकि एक टूटी हुई पसली हृदय की ओर मुड़ जाने से उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
श्यामल मार्डी की गंभीर हालत को देखते हुए टीएमएच के चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर और विशेष उपचार के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों एवं सहयोगियों की मौजूदगी में आईसीयू सुविधा से लैस एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें रिम्स, रांची के लिए रवाना किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही विस्थापित मुक्ति वाहिनी के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में चिंता का माहौल है। सभी ने श्यामल मार्डी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।



