सड़क सुरक्षा माह के तहत दुगनी में ड्राइवर–कंडक्टरों का निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

सरायकेला, 16 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले में एक जनवरी से चल रहे सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बुधवार को कांड्रा – सरायकेला मार्ग स्थित दुगनी क्षेत्र में ड्राइवर एवं कंडक्टरों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आम नागरिकों के साथ-साथ भारी एवं छोटे वाहनों के चालकों और कंडक्टरों का शुगर, ब्लड प्रेशर तथा नेत्र परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि लंबे समय तक वाहन चलाने के कारण चालकों की दृष्टि एवं स्वास्थ्य पर विशेष प्रभाव पड़ता है, ऐसे में नियमित स्वास्थ्य और आंखों की जांच सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ चालक ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कर सकते हैं।
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत क्षमता से अधिक यात्रियों को ढोने वाले छोटे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। जांच के दौरान यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतारकर संबंधित वाहनों पर जुर्माना अधिरोपित किया गया।
इसके अलावा चांडिल क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। वहीं जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर “नो हेलमेट–नो फ्यूल” अभियान चलाया गया, जिसके तहत बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।



