जमशेदपुर : उलीडीह में टुसु परब की भव्य छटा, राजा मैदान के समीप पूजा पंडाल का हर्षोल्लास के साथ उद्घाटन – पत्नी संग पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने की शिरकत
जमशेदपुर : उलीडीह में टुसु परब की भव्य छटा, राजा मैदान के समीप पूजा पंडाल का हर्षोल्लास के साथ उद्घाटन – पत्नी संग पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने की शिरकत
जमशेदपुर, 14 जनवरी : उलीडीह राजा मैदान के समीप यंग मार्शल बॉयज क्लब द्वारा निर्मित टुसु पूजा पंडाल का उद्घाटन बुधवार को पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पंडाल का उद्घाटन झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं उनकी पत्नी सुधा गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उद्घाटन के पश्चात बन्ना गुप्ता एवं सुधा गुप्ता ने विधिवत टुसु देवी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टुसु परब जैसी लोक परंपराएं झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक टुसु गीत, लोक नृत्य एवं रंग-बिरंगी झांकियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पंडाल परिसर में उत्सव का माहौल देखते ही बन रहा था। आयोजकों और स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और संवर्धित करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर सुकुल सिंह, सोनू कच्छप, ईश्वर सिंह, संजय शर्मा, मनीष भगत, अखिलेश सिंह, अश्वनी सिंह, गोलू सिंह, प्रभाकर साहू एवं अजय मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में टुसु परब की खुशियां और भी बढ़ गईं।