जब रिश्तों में संवाद टूटे, तो हिंसा जन्म लेती है — बेटे के हाथों पिता की हत्या से समाज स्तब्ध

Manbhum Updates
3 Min Read

जब रिश्तों में संवाद टूटे, तो हिंसा जन्म लेती है — बेटे के हाथों पिता की हत्या से समाज स्तब्ध

गम्हरिया, 13 जनवरी : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के टायो कॉलोनी स्थित जीएफ फ्लैट संख्या–2 में मंगलवार को एक ऐसी घटना घटी, जिसने पारिवारिक रिश्तों की नाजुकता और संवादहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। यहां एक बेटे ने अपने ही जन्मदाता की निर्ममता से जान ले ली, जिससे पूरा इलाका सन्न रह गया।
मृतक 55 वर्षीय रामा नाथ दास थे, जो टीजीएस में कार्यरत रहे और हाल ही में ईएसएस लेने के बाद घर पर ही रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, उनका पुत्र मनसा दास किसी आपसी विवाद के बाद आपा खो बैठा और दावली से पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर से लेकर शरीर के कई हिस्सों पर किए गए वार इतने भयावह थे कि रामा नाथ दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी न तो भागा और न ही किसी को सूचना दी, बल्कि शव के पास ही बैठा रहा। पड़ोसियों को जब अनहोनी की आशंका हुई और वे फ्लैट में दाखिल हुए, तो भीतर का दृश्य देखकर सभी हतप्रभ रह गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस के साथ एसडीपीओ समीर कुमार सवैया घटनास्थल पर पहुंचे। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
परिवारिक पृष्ठभूमि भी इस त्रासदी को और गहरा बनाती है। मृतक की पत्नी का पूर्व में निधन हो चुका था। पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि आरोपी की पत्नी घरेलू कलह के चलते अलग रह रही थी। पिता और पुत्र दोनों उसी फ्लैट में अकेले रहते थे। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। लोग यह सोचने को मजबूर हैं कि यदि समय रहते परिवारों में संवाद, समझ और संवेदनशीलता न हो, तो रिश्ते किस हद तक टूट सकते हैं।

Share This Article