पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में स्वामी विवेकानंद जयंती मनाई गई

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में स्वामी विवेकानंद जयंती मनाई गई

चांडिल, 12 जनवरी : चांडिल प्रखंड के खूंटी स्थित पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार पांडा द्वारा स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्चन कर किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने भैया-बहनों को स्वामी विवेकानंद जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म के महान अध्यात्म गुरु तथा युवाओं के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने अपने विचारों के माध्यम से न केवल भारत में, बल्कि संपूर्ण विश्व में सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार किया। आज हम सभी उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लें।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में प्रश्न मंच प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मातंगिनी दीदी द्वारा स्वामी विवेकानंद से संबंधित प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया गया।

विद्यार्थियों ने स्वामी जी द्वारा दिए गए जयघोष का अनुसरण किया तथा शिकागो में दिए गए ऐतिहासिक भाषण को ऑडियो के माध्यम से सुना। मौके पर सोनाली द्वारा स्वामी विवेकानंद के जीवन से जुड़े प्रेरक बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया। सभी विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद की तरह ऊर्जावान, निष्ठावान एवं चरित्रवान बनने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से संजय कुमार साहू, कल्पना प्रमाणिक, प्रतिमा महतो, भास्कर महतो, सचिन मंडल सहित विद्यालय परिवार एवं अभिभावकगण उपस्थित थे।

Share This Article