साकची बाजार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर सख्त कार्रवाई, 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, ₹2500 जुर्माना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

साकची बाजार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर सख्त कार्रवाई, 5 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, ₹2500 जुर्माना

जमशेदपुर, 08 जनवरी : उप नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के निर्देश पर गुरुवार को साकची बाजार क्षेत्र में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के तहत पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।

अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र की विभिन्न दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में लगभग 5 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों पर कुल ₹2500 (दो हजार पाँच सौ रुपये) का जुर्माना लगाया गया, वहीं जब्त प्लास्टिक सामग्री को नियमानुसार नष्ट किया गया।

अधिकारियों ने मौके पर बताया कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर्यावरण और जनस्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत हानिकारक है। इसके पूर्ण उन्मूलन को लेकर प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी इस तरह के प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे।

इस दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की गई कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें तथा इसके विकल्प के रूप में कपड़े, जूट, कागज या अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों को अपनाएं, ताकि शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया जाएगा।

Share This Article