कपाली ओपी पुलिस ने अवैध हथियार के साथ युवक को किया गिरफ्तार

चांडिल, 08 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल (कपाली ओपी) थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जनवरी को कपाली ओपी की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कपाली ओपी अंतर्गत हाशमी मोहल्ला निवासी शेख इरफान नामक युवक अवैध हथियार का प्रदर्शन कर इलाके में भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल के निर्देश पर कपाली ओपी पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाशमी मोहल्ला, कपाली में छापेमारी कर शेख इरफान (उम्र 19 वर्ष), पिता–शेख हबीब को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसके निशानदेही पर एक अवैध लोडेड पिस्टल एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद अवैध हथियार रखने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा बरामद वस्तुओं में सिल्वर रंग का लोडेड पिस्टल (जिस पर MADE IN USA NO 11, 7.65 MM 9 ROUND अंकित है) तथा 7.65 KF अंकित दो जिंदा गोलियां शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्त को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।



