कपाली ओपी पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ महिला तस्कर को किया गिरफ्तार

चांडिल, 05 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल थाना के कपाली ओपी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 15.99 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, 04 जनवरी की संध्या कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत हसाडीह पुल के पास एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कूटी (संख्या JH05DJ 2883) को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख स्कूटी चालक भागने लगी, जिसे खदेड़कर हांसाडीह, काला ईंट भट्टा के पीछे से पकड़ा गया।
गिरफ्तार महिला की पहचान रेशमा परवीन (उम्र करीब 44 वर्ष), पति मो. परवेज अंसारी, निवासी मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर (वर्तमान पता कपाली क्षेत्र) के रूप में हुई है। महिला पुलिस पदाधिकारी द्वारा तलाशी के दौरान उसके पास से 15.99 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने स्कूटी, एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
इस संबंध में कपाली ओपी में एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



