चांडिल में जेल भवन निर्माण की स्वीकृति की मांग

चांडिल, 04 जनवरी : चांडिल अनुमंडल बार एसोसिएशन ने झारखंड सरकार के परिवहन, भूमि सुधार एवं भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ को ज्ञापन सौंपकर चांडिल में जेल भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन एवं निर्माण कार्य की स्वीकृति देने की मांग की है। बार एसोसिएशन ने ज्ञापन में बताया कि चांडिल अनुमंडल लगभग 22 वर्ष पूर्व गठित हुआ था। 31 अगस्त 2003 को अनुमंडल बना, जबकि 23 जुलाई 2022 से सिविल न्यायालय भी कार्यरत है।
वर्तमान में हिरासत में लिए गए कैदियों को सरायकेला जेल भेजा जाता है, जिससे आम जनता और प्रशासन को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में सिविल न्यायालय रोड के उत्तर दिशा में स्थित एसएमपी चांडिल के बड़े भू-खंड को जेल भवन निर्माण के लिए उपयुक्त बताते हुए उसे जनहित में चयनित करने का अनुरोध किया गया है।
बार एसोसिएशन ने क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। ज्ञापन सपना वालों में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के सदस्य अनिल महतो, अनुमंडल बार एसोसिएशन चांडिल के सचिव महेंद्र कुमार महतो, मृत्युंजय महतो, असित चक्रवर्ती, विश्वनाथ कालिंदी, कमलेश कुमार सिंह, जयदेव महतो, अविनाश दास, मनोरथ मांझी, गुरु चरण महतो, संजय कुमार महतो आदि शामिल थे।



