अपराध नियंत्रण एवं कांड निष्पादन में सरायकेला-खरसावां पुलिस का वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अपराध नियंत्रण एवं कांड निष्पादन में सरायकेला-खरसावां पुलिस का वर्ष 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन

दर्ज कांडों की तुलना में 33.47 प्रतिशत अधिक मामलों का किया गया निष्पादन

सरायकेला, 31 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण एवं कांडों के त्वरित निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने वर्ष 2025 में उल्लेखनीय और सराहनीय प्रदर्शन किया है। पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियानों, सतत निगरानी एवं प्रभावी अनुसंधान के परिणामस्वरूप दर्ज मामलों की तुलना में कहीं अधिक कांडों का निष्पादन कर लंबित मामलों की संख्या में बड़ी कमी लाई गई है।

त्वरित न्याय की दिशा में सशक्त पहल

कांडों का समयबद्ध निष्पादन न केवल पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाता है, बल्कि इससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिलने के साथ-साथ न्यायालयों पर मुकदमों का भार भी कम होता है। इसी उद्देश्य को लेकर वर्ष 2025 में सरायकेला-खरसावां पुलिस ने पुराने लंबित मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया। वर्ष 2025 (जनवरी से नवंबर) के प्रमुख आंकड़े कुल प्रतिवेदित (दर्ज) कांड 1422, कुल निष्पादित कांड 1898 है।

उपलब्ध आंकड़ों से स्पष्ट है कि पुलिस ने इस अवधि में जितने नए कांड दर्ज हुए, उससे 476 अधिक कांडों का निष्पादन किया, जो कि 33.47 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि पुलिस की सक्रियता, सुदृढ़ अनुसंधान प्रणाली एवं अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।

पुलिस प्रशासन का यह प्रयास न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत करता है, बल्कि आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ाता है।

Share This Article