कारकीडीह में स्वर्णरेखा नदी पर व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

ईचागढ़, 27 दिसंबर : ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी पर कारकीडीह गांव के समीप शनिवार की सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। नदी में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव देखे जाने की सूचना ग्रामीणों ने दी पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही ईचागढ़ और तिरुलडीह थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद ईचागढ़ थाना की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि मृतक तमाड़ थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह का रहने वाला था। उसका नाम शशधर अहीर बताया जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार शव से कोई पहचान पत्र, दस्तावेज या ऐसा सामान बरामद नहीं हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तुरंत ईचागढ़ थाना को सूचित करें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



