अवैध बालू खनन पर जिला प्रशासन का कड़ा प्रहार, नदी घाटों पर चला बुलडोज़र एक्शन — 10 डोंगी नावें नष्ट

सरायकेला/चांडिल, 23 दिसंबर : उपायुक्त के सख्त निर्देश पर जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को अंचलाधिकारी (गम्हरिया) और जिला खनन विभाग की संयुक्त टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शहरबेड़ा एवं सापड़ा घाट में औचक निरीक्षण अभियान चलाकर अवैध बालू उत्खनन की गतिविधियों पर करारा प्रहार किया।
निरीक्षण के दौरान नदी घाटों पर अवैध रूप से बालू निकालने में डोंगी नावों का इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि हुई। मौके पर ही स्थानीय युवकों के सहयोग से कुल 10 डोंगी नावों को विनष्ट कर दिया गया, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया है कि जिले के किसी भी हिस्से में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी निर्देश के आलोक में इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार और समय-समय पर जारी रहेगी।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू माफियाओं को कड़ा संदेश गया है कि नदी संसाधनों के दोहन पर अब ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जा रही है।



