यूपीएससी परीक्षा में ऐतिहासिक सफलता पर जिले में खुशी की लहर

सरायकेला, 21 दिसंबर : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित Indian Engineering Services / Engineering Services Examination (IES/ESE) 2025 में सरायकेला जिले के होनहार छात्र संजय महतो ने ऑल इंडिया रैंक 140 प्राप्त किया है। उन्होंने ऐतिहासिक सफलता हासिल कर जिला, राज्य और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम 17 दिसंबर 2025 को घोषित किया गया।
सरायकेला मौसीबाड़ी निवासी संतोष महतो के पुत्र संजय महतो का पुश्तैनी गांव गम्हरिया प्रखंड के ग्राम बांधडीह में है। साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले संजय महतो ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह असाधारण सफलता हासिल की है।
संजय महतो ने वर्ष 2019 से 2021 तक लगातार तीन प्रयासों में असफलता का सामना किया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। वर्ष 2023 में IIT दिल्ली से M.Tech की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने नए सिरे से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ तैयारी की, जिसका परिणाम आज पूरे जिले के सामने प्रेरणा बनकर उभरा है।
उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि छोटे गांव और सामान्य परिवार से आने वाले छात्र भी कठिन परिश्रम और धैर्य के बल पर देश की प्रतिष्ठित सेवाओं तक पहुंच सकते हैं। जिले से पूर्व में भी कई छात्र UPSC जैसी परीक्षाओं में सफल होकर राष्ट्र सेवा में योगदान दे रहे हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर झारखंड आंदोलनकारी परिवार की बहु, जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने समस्त जिला वासियों की ओर से संजय महतो एवं उनके माता-पिता को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संजय महतो की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती।



