अफीम की अवैध खेती रोकने को ईचागढ़ पुलिस का जागरूकता अभियान, 250 किलो बीज वितरित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अफीम की अवैध खेती रोकने को ईचागढ़ पुलिस का जागरूकता अभियान, 250 किलो बीज वितरित

ईचागढ़, 18 दिसंबर : सरायकेला–खरसावाँ जिले में अफीम की अवैध खेती पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा प्री कल्टीवेशन ड्राइव लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ईचागढ़ थाना क्षेत्र के अफीम प्रभावित गांवों में जागरूकता अभियान के साथ वैकल्पिक खेती को बढ़ावा देने की पहल की गई।

सरायकेला–खरसावाँ पुलिस द्वारा वर्तमान फसलीय वर्ष में जिलांतर्गत अफीम की अवैध खेती की संभावना को नगण्य करने के लिए पिछले वर्ष अफीम की खेती वाले क्षेत्रों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि कई किसानों ने अफीम की जगह अन्य फसलों की खेती के लिए खेतों की जुताई कर ली है, जिसे पुलिस ने सकारात्मक कदम बताया।

इसी क्रम में ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो के नेतृत्व में सीतु पंचायत के कुटाम ग्राम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को अफीम की खेती से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा वैकल्पिक कृषि को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

पुलिस द्वारा किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले चना, सरसों एवं गेहूं के बीज का वितरण किया गया। कुल करीब 250 किलोग्राम बीज का वितरण किया गया, जिससे 40 से 50 किसान परिवारों को लाभ मिला। इसका उद्देश्य किसानों को अफीम की जगह सब्जी एवं अनाज जैसी वैकल्पिक और वैध खेती के लिए प्रेरित करना है।

सरायकेला–खरसावाँ पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि वे अफीम की अवैध खेती का पूर्ण बहिष्कार करें और पारंपरिक अनाज व सब्जियों की खेती को अपनाकर कानून का पालन करते हुए अपनी आजीविका सुदृढ़ करें।

Share This Article