उपायुक्त ने किया आकांक्षी प्रखंडों की प्रगति की समीक्षा, दिया गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का निर्देश

सरायकेला, 11 दिसंबर : समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा किया गया। समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े Key Performance Indicators की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने सूचकांकों की नियमित समीक्षा करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें। उन्होंने कहा कि जहां प्रगति धीमी है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में कोई बाधा न आए।
उपायुक्त ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और पर्यवेक्षकको को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण का निर्देश दिया, वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, BRP और CRP को विद्यालयों का सतत निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए और किसी भी कमी को शीघ्र दूर किया जाए।
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं से संबंधित सभी डेटा निर्धारित पोर्टल पर समय पर अपलोड किया जाए तथा क्रियान्वयन की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि पेयजल, शौचालय सहित बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए और पात्र लाभुकों को शत-प्रतिशत योजनाओं से जोड़ा जाए।



