सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 1.12 लाख की वसूली, अवैध परिचालन पर कार्रवाई तेज

सरायकेला, 09 दिसंबर : जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो के नेतृत्व में मंगलवार को सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई में कुल 1,12,601 रुपये की वसूली की गई। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित वाहन परिचालन सुनिश्चित करना रहा।
सरायकेला–राजनगर बाईपास रोड पर हुए इस अभियान के दौरान भारी वाहनों की विशेष जांच की गई। चालकों को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और बिना वैध कागजात के वाहन परिचालन न करने की सख्त हिदायत दी गई। मौके पर वाहन दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा सभी चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
डीटीओ ने बताया कि जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके।
परिवहन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य भी है।
अभियान में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर दिलीप कुमार, रवि प्रसाद, सड़क सुरक्षा प्रबंधन से कुंदन वर्मा तथा रोड इंजीनियर एनालिस्ट आशुतोष कुमार सिंह एवं धृत कुमार सक्रिय रूप से शामिल रहे।



