विभिन्न संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में मनाया जाएगा पेसा दिवस, होगी तैयारी बैठकें

चांडिल, 06 दिसंबर : विभिन्न संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष पेसा दिवस बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा। इन संगठनों में आदिवासी भूमिज मुंडा युवा एकता मंच झारखंड दिशोम, आदिवासी समन्वय समिति चांडिल, आदिम जनजाति विकास समिति चांडिल, गांव गणराज्य लोक परिषद चांडिल झारखंड, ग्राम सभा सुरक्षा मंच झारखंड प्रदेश तथा दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच आदि शामिल हैं।
कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने को लेकर क्षेत्रीय संगठनों की ओर से तैयारी बैठकों का शेड्यूल जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार, पहली तैयारी बैठक 12 दिसंबर को नीमडीह/चांडिल में सुबह 11 बजे से, दूसरी बैठक 13 दिसंबर को पटमदा/बोड़ाम में 11 बजे तथा तीसरी बैठक 15 दिसंबर को जमशेदपुर (पूर्वी) में 11 बजे से आयोजित की जाएगी। बैठकों में पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम सभा सशक्तिकरण, आदिवासी अधिकारों की सुरक्षा तथा जनभागीदारी बढ़ाने से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से विमर्श किया जाएगा।
आयोजकों ने समस्त ग्राम सभा प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और बुद्धिजीवियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होकर पेसा दिवस 2025 को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।



