विश्व एड्स दिवस पर डेरे गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कुकड़ु, 01 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत डेरे गांव में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी विकास चंद्र महतो, फागुराम महतो और मस्तान सिंह महतो ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में पीएलवी टीम ने ग्रामीणों को एड्स से जुड़ी मूलभूत जानकारी प्रदान की। इसमें एड्स के फैलने के कारण, संक्रमण के स्रोत, बचाव के तरीके तथा इससे जुड़े सामाजिक मिथकों के बारे में विस्तार से बताया गया। पीएलवी विकास चंद्र महतो ने कहा कि एड्स के प्रति जागरूक रहना और सुरक्षित व्यवहार अपनाना ही इसका सबसे बड़ा बचाव है।
मौके पर फागुराम महतो ने एड्स से पीड़ित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने की अपील की और उनसे जुड़े कानूनी अधिकारों एवं सरकारी सहायता योजनाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं मस्तान सिंह महतो ने ग्रामीणों को सटीक जानकारी फैलाने और अफवाहों से बचने की सलाह दी। कार्यक्रम में कई लोग उपस्थित रहे और सक्रिय रूप से जागरूकता गतिविधियों में हिस्सा लिया।



