DAY-NULM के तहत नाइट शेल्टरों का निरीक्षण, सुविधाओं की समीक्षा—जेएनएसी की टीम सक्रिय

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

DAY-NULM के तहत नाइट शेल्टरों का निरीक्षण, सुविधाओं की समीक्षा—जेएनएसी की टीम सक्रिय

जमशेदपुर, 29 नवंबर : दीनदयाल अन्त्योदय योजना–नेशनल अर्बन लाइवलीहुड मिशन (DAY-NULM) के तहत संचालित नाइट शेल्टरों की व्यवस्था को परखने के लिए जेएनएसी की टीम ने नियमित निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर सिटी मिशन मैनेजर और DAY-NULM टीम द्वारा किया गया।

निरीक्षण में टीम ने बिस्तर, पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था, साफ-सफाई, हाइजीन तथा सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। इसके अलावा पंजीकरण प्रणाली, आगंतुक रजिस्टर, प्रकाश व्यवस्था, वेंटिलेशन, केयरटेकर की मौजूदगी और उनके कर्तव्यपालन की स्थिति का मूल्यांकन भी किया गया।

सिटी मिशन मैनेजर ने एजेंसी प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शेल्टर में पाई गई छोटी-मोटी कमियों को तुरंत दूर किया जाए और दैनिक निगरानी में किसी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि ठंड बढ़ने के साथ यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आश्रय से वंचित न रहे।

उप नगर आयुक्त ने कहा कि शहरी बेघर लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और मानवीय आश्रय उपलब्ध कराना नगर निकाय की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने टीम को नियमित रात्रिकालीन निरीक्षण, फीडबैक लेने और अनुपालन रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जेएनएसी ने आश्वस्त किया है कि नाइट शेल्टरों को और अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Share This Article