संविधान दिवस पर समाहरणालय सहित सभी सरकारी कार्यालयों में प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

जमशेदपुर, 26 नवंबर : संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में जिला प्रशासन द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई और संविधान निर्माताओं के उच्च आदर्शों को स्मरण किया। सामूहिक पाठ के बाद उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है तथा इसके मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को व्यवहार में उतारना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं में कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता और सेवा-भाव को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
इसी क्रम में जिले के सभी अनुमंडल एवं प्रखंड कार्यालयों, विभागीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नागरिक कर्तव्यों के पालन के संदेश को प्रसारित करना रहा।



