कांड्रा में भीषण हादसा : गिट्टी लदा हाईवा घर पर पलटा, पिता–पुत्री की मौत, ग्रामीणों ने कंपनी पर फोड़ा ग़ुस्सा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कांड्रा में भीषण हादसा : गिट्टी लदा हाईवा घर पर पलटा, पिता–पुत्री की मौत, ग्रामीणों ने कंपनी पर फोड़ा ग़ुस्सा

सरायकेला, 23 नवंबर : कांड्रा थाना क्षेत्र के हुदु पंचायत अंतर्गत पालोबेड़ा गांव में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली दुर्घटना हुई। लीडिंग कंस्ट्रक्शन का गिट्टी लदा हाईवा (JH05CD-6403) अनियंत्रित होकर एक मिट्टी के घर पर सीधा पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि घर के भीतर सो रहे बीरबल मुर्मू (30) और उसकी डेढ़ साल की मासूम बेटी अनुश्री दबकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे। पत्नी संयोगवश सकुशल बच गई, हालांकि उसे हल्की चोटें आई हैं।

सुबह की शुरुआत होते-होते गांव में मातम पसरा था। हादसे की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। लोगों ने भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और कंपनी की कथित लापरवाही को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए कंपनी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुजरने वाले हाइयों की तेज रफ्तार लंबे समय से खतरा बन चुकी है। इसके बावजूद न कंपनी ने कोई सुरक्षा मानक तय किए और न प्रशासन ने कोई कार्रवाई की। उनका आरोप है कि “दुर्घटना रोज होती है, लेकिन जिम्मेदारी कोई नहीं लेता।”

सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ को शांत कराने की कोशिश में जुट गई। हाईवा को जब्त कर लिया गया है तथा पुलिस ने चालक और वाहन संबंधी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। उधर, प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

पालोबेड़ा की इस त्रासदी ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक ग्रामीण सड़कों पर दौड़ रहे अनियंत्रित भारी वाहनों की कीमत आम लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ेगी?

Share This Article