बुरुडीह पंचायत में ‘आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार’ शिविर आयोजित, प्रशासन की सेवाभावना से लाभान्वित हुए ग्रामीण

सरायकेला, 21 नवंबर : जिला प्रशासन की पहल पर ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत खरसावां प्रखंड के बुरुडीह पंचायत भवन में पंचायत स्तरीय शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत तथा उप विकास आयुक्त रीना हांसदा उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपलब्ध सेवाओं, प्राप्त आवेदनों तथा निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों के प्रत्येक आवेदन की सही एवं समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए और लाभुकों को योजनाओं का लाभ तुरंत उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की सेवाओं को जनता तक पहुंचाने में लापरवाही या विलंब किसी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिविर में वृद्धावस्था, दिव्यांग व विधवा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, आय/जाति/निवास प्रमाणपत्र सहित भूमि एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की गई।
उपायुक्त ने कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की दैनिक मॉनिटरिंग की जाएगी और समयसीमा में निस्तारण न करने पर संबंधित विभागों पर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने जिले द्वारा चलाए जा रहे इस जनसेवा कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि प्रशासन की पहल से योजनाओं का लाभ अब सीधे गाँव तक पहुँच रहा है। जिला प्रशासन की इस संवेदनशील और सक्रिय कार्यशैली की लोगों ने प्रशंसा की।



