बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पर आजसू के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने किया माल्यार्पण

चांडिल,15 नवंबर : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती तथा झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने चांडिल प्रखंड के कटिया और भादूडीह में स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
हरे लाल महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और जनअधिकारों की लड़ाई के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा, “धरती आबा का जीवन हमें समाज, जल-जंगल-जमीन और अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। उनके दिखाए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”
उन्होंने झारखंड स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य की असली पहचान उसकी संस्कृति, परंपरा और मेहनतकश जनता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास में युवाओं और ग्रामीण समाज की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और आजसू पार्टी जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।



