कुकड़ू में विकास या दिखावा? — डीडीसी के निरीक्षण में खुली कई परतें, भाजपा अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

चांडिल, 31 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकडू प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को जिला उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हांसदा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीडीओ कार्यालय में सभी विभागों की कार्य प्रगति की समीक्षा की और मनरेगा, आबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास, जेएसएलपीएस तथा 15वीं वित्त आयोग से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन जानकारी ली। साथ ही उन्होंने आवासीय क्वार्टरों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने सभी हल्का कर्मियों और सीआई को निर्देश दिया कि जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्रों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने बताया कि कुकड़ू आकांक्षी प्रखंड के रूप में चिन्हित है, जहां जल्द ही आईएएस अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम होना है। प्रशिक्षु अधिकारी क्षेत्र का फील्ड विजिट कर विकास कार्यों का अवलोकन करेंगे।

हालांकि निरीक्षण के बीच भाजपा कुकड़ू मंडल अध्यक्ष भरत चंद्र महतो ने प्रखंड प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “कुकड़ू प्रखंड केवल कागज़ों पर आकांक्षी है, ज़मीन पर नहीं। बीडीओ, सीओ, एमओ, सीडीपीओ जैसे प्रमुख पद एक ही अधिकारी के प्रभार में हैं, जिससे जनहित कार्य ठप पड़े हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के तहत दीदी बाड़ी और बागवानी योजना के अलावा कोई नई योजना नहीं चलाई जा रही, जिससे मज़दूरों को काम नहीं मिल पा रहा और पलायन बढ़ रहा है। महतो ने मांग की कि मनरेगा के अंतर्गत नए कार्य शुरू किए जाएं, अन्यथा वे जन आंदोलन छेड़ने को बाध्य होंगे।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा — “कुकड़ू में विकास के नाम पर विनाश हो रहा है।”



