मध्याह्न भोजन योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मध्याह्न भोजन योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न

डीडीसी आलोक कुमार ने विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

खूंटी, 30 अक्टूबर: खूंटी समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में गुरुवार को मध्याह्न भोजन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय स्टीयरिंग-सह-मॉनिटरिंग कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

बैठक में स्कूली बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, मध्याह्न भोजन वितरण व्यवस्था, एसएमएस रिपोर्टिंग की स्थिति, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के संचालन, रसोइयों एवं सहायिकाओं को मानदेय भुगतान जैसे विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन जैसे हरी सब्जी और अन्य पोषक तत्वों का नियमित समावेश किया जाए। उन्होंने बीईओ, बीपीओ, बीआरपी और सीआरपी को हर माह अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का भौतिक निरीक्षण कर ऑनलाइन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी और प्रभावी रूप से सुनिश्चित हो सके।

डीडीसी ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन, मिड-डे मील की समय पर आपूर्ति और अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता, शिष्टाचार और सामाजिक मूल्यों के प्रति भी जागरूक करने पर बल दिया जाए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक, बीईओ, बीपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article