जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

सरायकेला, 30 अक्टूबर: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ीकरण एवं अधोसंरचना सुधार पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने कांड्रा–खरकाई पुलिया, चाईबासा–चौका मार्ग सहित सभी प्रमुख सड़कों की मरम्मती, स्ट्रीट लाइटों की जांच, रिफ्लेक्टर और सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान को सख्ती से लागू करने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासनिक के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है, इसलिए नागरिक यातायात नियमों का पालन कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें।



