पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने छठ पर्व की तैयारी को लेकर उपायुक्त को लिखा पत्र — श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
जमशेदपुर, 14 अक्टूबर : छठ महापर्व के नजदीक आते ही पूर्वी सिंहभूम जिले में तैयारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को पत्र लिखकर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
अपने पत्र में श्री गुप्ता ने कहा है कि छठ महापर्व जिले के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और संस्कृति से गहराई से जुड़ा पर्व है, जिसमें हजारों व्रती और श्रद्धालु घाटों पर एकत्रित होते हैं। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर ठोस तैयारी आवश्यक है।
उन्होंने पत्र में कई सुझाव दिए हैं — प्रमुख घाटों की साफ-सफाई, जमीनी समतलीकरण, कीचड़ हटाने और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। घाटों, पहुंच मार्गों और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा के लिए पुलिस बल, महिला सुरक्षा कर्मी, होमगार्ड और गोताखोरों की तैनाती के साथ ड्रोन या सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की भी मांग की गई है।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, महिलाओं हेतु चेंजिंग रूम, प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस और चिकित्सक दल की उपलब्धता पर बल दिया गया है। साथ ही ट्रैफिक और पार्किंग प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाने और सभी संबंधित विभागों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित करने की भी अपील की गई है।
श्री गुप्ता ने कहा कि “छठ महापर्व सामाजिक सद्भाव, आस्था और लोक परंपरा का प्रतीक है, अतः जिला प्रशासन समयबद्ध तैयारी कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल प्रदान करे।”