खराब सड़क से गिट्टी लदा ट्रैक्टर पलटा, दलमा वन विभाग पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

खराब सड़क से गिट्टी लदा ट्रैक्टर पलटा, दलमा वन विभाग पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश

मरम्मत की मांग के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, हादसे ने खोली विभाग की लापरवाही की पोल

नीमडीह, 11 अक्टूबर: दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी अंतर्गत चाकुलिया से बाघाडीह (चांडिल क्षेत्र से नीमडीह क्षेत्र) तक जाने वाला सड़क मार्ग इन दिनों जर्जर हालत में है। जगह-जगह गड्ढे और धंसे हिस्सों के कारण वाहनों का आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है। इसी लापरवाही का नतीजा शनिवार को सामने आया, जब गिट्टी लदा एक ट्रैक्टर नीमडीह थाना क्षेत्र के डाहुबेड़ा के समीप पलट गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। ट्रॉली पलटने से गिट्टी सड़क पर बिखर गया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। सौभाग्य से, चालक और मजदूर बाल-बाल बच गए। बाद में ग्रामीणों की मदद से दूसरे ट्रैक्टर के जरिए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को बाहर निकाला गया।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी दलमा वन विभाग के अधीन है, लेकिन वर्षों से विभाग की उदासीनता के कारण सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने हाल ही में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क मरम्मत की मांग रखी थी, परंतु अब तक कोई कार्य शुरू नहीं हुआ।

ग्रामीणों का कहना है कि विभाग सिर्फ नाम मात्र के निरीक्षण तक सीमित है, जबकि इस मार्ग से रोज़ाना कई वाहन आवश्यक सामान लेकर गुजरते हैं। अब ट्रैक्टर पलटने की घटना ने विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीण वन विभाग के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

कदमझोर निवासी चंदन सिंह ने कहा कि “दलमा वन विभाग सिर्फ टैक्स और परमिट वसूली में लगा है, लेकिन सड़क की हालत देखने वाला कोई नहीं। रोज़ हादसे होते हैं, फिर भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं आता,”

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जिला प्रशासन स्वयं संज्ञान लेकर सड़क मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू करवाए, ताकि आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा न हो।

Share This Article