अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर मैट्रिक की जिला टॉपर नेहा हालदार हुई सम्मानित
चांडिल, 11 अक्टूबर : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चांडिल की मेधावी छात्रा नेहा हालदार को सम्मानित किया गया। नेहा ने मैट्रिक 2025 की परीक्षा में जिला टॉपर बनकर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। कार्यक्रम में जिले की अपर उपायुक्त और जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिला टॉपर नेहा हालदार को सम्मानपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अपर उपायुक्त ने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। किशोरियों को उनकी इच्छानुसार आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित हैं। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि नेहा हालदार जैसी छात्राएं अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
चांडिल प्रखंड के चावलीबासा की रहने वाली नेहा हालदार चांडिल के नौरंगराय सूर्यादेवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्रा है। जिला प्रशासन द्वारा नेहा हालदार के सम्मानित होने पर नौरंगराय सूर्यादेवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के उप प्रधानाचार्य सुब्रत चैटर्जी ने कहा कि नेहा के इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है।