लड़कियां भागें, सबसे आगे कार्यक्रम के तहत 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित

Manbhum Updates
2 Min Read

लड़कियां भागें, सबसे आगे कार्यक्रम के तहत 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित

आदित्यपुर, 11 अक्टूबर : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में लड़कियां भागें, सबसे आगे कार्यक्रम के तहत 5 किलोमीटर दौड़ का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन, हमारी लाड़ो फाउंडेशन और KROSS लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास को प्रोत्साहित करना तथा उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। कार्यक्रम में नीव संस्था की बालिकाओं के साथ-साथ जिले के विभिन्न कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं झारखंड आवासीय विद्यालयों की किशोरियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि हर बेटी में असीम संभावनाएं निहित हैं। यदि समाज, परिवार और संस्थाएं उन्हें प्रोत्साहन एवं अवसर दें, तो वे हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि ‘नीव’ जैसे कार्यक्रम न केवल बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देते हैं, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना को भी सशक्त बनाते हैं। उपायुक्त ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब उसकी बेटियां सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों। जिला प्रशासन का संकल्प है कि प्रत्येक बेटी को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर, सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरियों, प्रशिक्षकगण एवं शिक्षकों को मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र तथा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान KROSS लिमिटेड के अध्यक्ष सुधीर राय एवं एशिया अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने उपायुक्त नितिश कुमार सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में उप नगर आयुक्त, आदित्यपुर पारुल सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित थे। मंच का संचालन देबोलीना ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन रमाकांत गिरि ने दिया।

Share This Article