अगले सप्ताह से चिलगु के पास एनएच पर एक साल से बंद पुल का शुरू होगा काम : केंद्रीय मंत्री

Manbhum Updates
3 Min Read

अगले सप्ताह से चिलगु के पास एनएच पर एक साल से बंद पुल का शुरू होगा काम : केंद्रीय मंत्री


चांडिल, 07 अक्टूबर : टाटा-रांची फोरलेन सड़क पर आवागमन करने वालों के लिए राहत की खबर है। चांडिल प्रखंड के चिलगु और शहरबेड़ा के बीच एनएच 33 पर एक साल से बंद पड़े पुल का काम आने वाले सप्ताह से शुरू होने जा रहा है। स्थानीय सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इसकी जानकारी दी। मंगलवार एनएच की दशा से रूबरू होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री को इसको लेकर एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने इस बात को लेकर आश्वस्त किया। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पुल के मरम्मत कार्य के लिए बजट की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण एजेंसी को आदेश जारी कर दिया गया है।

पाटा टोल की समस्याओं से भी अवगत हुए केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पाटा टोल प्लाजा से संबंधित समस्याओं से भी अवगत हुए। स्थानीय ग्रामीणों ने मंत्री को टोल संचालक के मनमानी रवैये की जानकारी दी। सड़क जाम के दौरान भी कई टोल गेटों को बंद रखने, स्थानीय लोगों से भी टोल टैक्स वसूलने, बेतरतीव ढंग से वाहनों का पार्किग करने, सड़क पर लगी स्ट्रीट लाइट नहीं जलाने, यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं नहीं देने की शिकायत की। केंद्रीय मंत्री से टोल संचालक को स्पष्ट निर्देश देते हुए नियमानुसार स्थानीय लोगों को टोल में छुट देने ओर यात्री व वाहन चालकों को मिलने वाली सुविधाएं देना सुनिश्चित करने के लिए कहा।

कई लोगों की हो चुकी है मौत


स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि चिलगु और शहरबेड़ा के बीच स्थित पुल के बंद रहने के कारण उक्त स्थल पर वन वे बनाया गया था। फोरलेन सड़क के एक लेन को बंद रखने के कारण वाहनों का आवागमन एक ही लेन पर हो रहा था। बंद पुल के सामने सुरक्षा के प्रर्याप्त इंतजाम नहीं रहने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटना घटती हैं। उक्त स्थल पर दर्जनों लोगों की दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है, वहीं कई लोग घायल हुए हैं। केंद्रय मंत्री के साथ एनएचएआई के कई वरिष्ठ अधिकारी व भाजपा के कई नेता शामिल थे। इनमें देवाशीष राय, मधुसुदन गोराई, पप्पु वर्मा, विशाल चौधरी, दिवाकर सिंह, आकाश महतो, मनोज महतो, राजीव रंजन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share This Article