चांडिल गोलचक्कर के खस्ताहाल सड़क का केंद्रीय मंत्री ने किया मुआयना, दिया निर्देश
चांडिल, 07 अक्टूबर : चांडिल गोलचक्कर के पास लगातार लगने वाले जाम की समस्या को लेकर केंद्रीय मंत्री ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों, पार्टी के कार्यकताओं और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर जाम की समस्या के कारणों की जानकारी ली। बताया कि उक्त स्थल पर रेलवे लाइन पर ओवरब्रीज बनाने का काम चल रहा है। जिसके कारण पुरानी सड़क पर होकर ही वाहनों का आवागमन होता है। सड़क के खस्ताहाल होने के कारण बरसात के दौरान जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क की मरम्मत नहीं किए जाने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
बुधवार से शुरू होगा सड़क निर्माण का काम एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ओवरब्रीज के पास सड़क निर्माण का वन विभाग के आपत्ति के कारण बंद हो गया था। अब वन विभाग से अनापत्ति मिल गया है। यहां बुधवार से सड़क निर्माण का काम प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके साथ चांडिल-कांड्रा सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों पर भी चर्चा की गई। सड़क निर्माण के लिए टेंडर होने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने और सड़क पर बने गड्ढों को नहीं भरे जाने के कारण उक्त सड़क पर रोज दुर्घटना घट रही है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कड़ाई से निर्देश देते हुए बुधवार से गड्ढों को भरते हुए सड़क निर्माण का काम प्रारंभ करने के लिए कहा। मंत्री ने कहा कि उक्त सड़क औद्योगिक व यातायात दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।