टाटा-रांची एनएच पर हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो गंभीर

Manbhum Updates
2 Min Read

टाटा-रांची एनएच पर हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो गंभीर

झाबरी में घायल युवक के पास एकत्रित भीड़

चांडिल, 07 अक्टूबर : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर मंगलवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार चौका थाना क्षेत्र के झाबरी के पास एनएच 33 पर 15 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। किशोर घायल अवस्था में सड़क पर तड़प रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने किनारे लाकर इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल चांडिल पहुंचाया। घायल किशोर की पहचान चौका थाना क्षेत्र के उरमाल निवासी 15 वर्षीय रमा कालिंदी के रूप में किया गया है। किशोर घायल कैसे हुआ इसकी सही जानकारी नहीं मिल पायी है। कुछ स्थानीय लोगों का कहना था कि किशोर किसी यात्री वाहन से गिर गया था। चौका थाना की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

रांगामाटी में घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाते एंबुलेंस कर्मी

वही दूसरी घटना टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर तमाड़ थाना क्षेत्र के रांगामाटी बजरंग चौक के पास घटी। यहां सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार पिकअप वैन ने जोरदार धक्का मारकर फरार हो गया। दुर्घटना में व्यक्ति के सिर पर गंभीर चोट लगी है और वह बेहोश होकर सड़क पर लहूलुहान होकर गिरा था। इसकी सूचना मिलने पर एनएच पर तैनात एंबुलेंस के माध्यम से उसे इलाज के लिए तत्काल तमाड़ अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका उपचार करने के बाद उसके गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। घायल व्यक्ति ईचागढ़ थाना क्षेत्र के जोजोडीह का रहने वाला बताया जा रहा है।

Share This Article