सरायकेला पुलिस ने अपहरण कांड का किया खुलासा, सभी अपराधी गिरफ्तार
सरायकेला, 05 अक्टूबर : सरायकेला थाना क्षेत्र के चर्चित अपहरण कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल सभी अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
मामला सरायकेला थाना में दर्ज 22 जुलाई 2025 का है। इस दिन सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमलपुर निवासी एक युवक का अज्ञात अपराधकर्मियों ने अपहरण कर लिया था और फिरौती की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां ने विशेष जांच दल (SIT टीम) का गठन किया था, जिसका नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कर रहे थे।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 जुलाई 2025 को अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया था। तत्पश्चात तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कांड का खुलासा करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी की दिशा में छापामारी अभियान चलाया गया।
सबसे पहले पुलिस ने अब्दुल्ला खान उर्फ अब्दुल्ला फैजी (19 वर्ष) पिता जफर अली, निवासी कमलपुर को गिरफ्तार किया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, एक देशी कट्टा और एक गोली बरामद की गई। उसे 25 जुलाई 2025 को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
अग्रतर अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिसमें शेख अजहरुद्दीन (37 वर्ष), पिता स्व. कमालुद्दीन, निवासी कमलपुर, वर्तमान में चेपा पुल, मानगो। मो. कलिम (43 वर्ष), पिता स्व. अली अहमद खान, निवासी आदित्यपुर, वर्तमान में डोंगाडीह, कपाली और अमीर खान उर्फ भोन्दा (20 वर्ष), पिता मुन्ना खान, निवासी फतेहाबाद (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में मानगो रोड नं. 14 – शामिल हैं।
इन तीनों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, Tata Vista कार, एक देशी पिस्टल तथा छह जिंदा गोली बरामद की गईं।
छापामारी के दौरान पुलिस ने घटना में संलिप्त अंतिम आरोपी मो. सद्दाम हुसैन उर्फ दाना सद्दाम (36 वर्ष), पिता नबी हुसैन, निवासी डांगरडीह, कपाली को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से Realme कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, सद्दाम हुसैन का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 55/23 (आर्म्स एक्ट) और कांड संख्या 57/25 (BNS-2023 की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट) में भी अभियुक्त रह चुका है।
छापामारी दल में राजेन्द्र कुमार (ओपी प्रभारी, सीनी), राहुल कुमार सिंह (सरायकेला थाना), राग कुमार सिंह (आदित्यपुर थाना) तथा सरायकेला थाना एवं सीनी ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपहरण जैसी घटनाओं के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी और जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं होगी।