धूमधाम से मना दशाई झंडा जतरा, विधायक ने विजेता फुटबॉल टीम को किया सम्मानित
खूंटी, 05 अक्टूबर : खूंटी जिले के खूंटी प्रखंड अंतर्गत राई गांव में हर साल की भांति इस वर्ष भी दशाई झंडा जतरा का भव्य आयोजन किया गया। राई जतरा संचालन समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आसपास के कई गांवों की नृत्य मंडलियों ने हिस्सा लिया। नृत्य मंडलियों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी संस्कृति और परंपरा को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक रामसूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत सराहनीय हैं और इसे निरंतर जारी रखा जाना चाहिए।
जतरा के साथ-साथ फुटबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। फाइनल मुकाबले में विजेता टीम को विधायक रामसूर्या मुंडा ने खस्सी पुरस्कार देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में फुदी पंचायत की मुखिया अनिमा कच्छप मौजूद रहीं। इसके अलावा ग्राम प्रधान बुधवा मुंडा, सामाजिक कार्यकर्ता गंगा मुंडा, पूर्व मुखिया सैमुअल संगा, सुशील संगा, समीर संगा, सुनील तिर्की, विधायक प्रतिनिधि डिक्शन पूर्ति समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और खेलकूद से पूरा गांव उत्सव के रंग में रंग गया और शनिवार को देर रात तक ग्रामीणों ने कार्यक्रम का आनंद उठाया।