चिलगु में दुर्गा पूजा महोत्सव, धार्मिक गीत-संगीत से गुंजायमान हुआ वातावरण

चांडिल, 01 अक्टूबर : दुर्गा पूजा के महाष्टमी के पावन अवसर पर चांडिल प्रखंड के चिलगु स्थित सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की ओर से मंगलवार शाम धार्मिक एवं एवरग्रीन गीत-संगीत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां वातावरण माता रानी की भक्ति में सराबोर रहा।
भाजपा नेता पप्पू वर्मा ने किया उद्घाटन
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि भाजपा नेता रूपेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा पहुंचे। उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा— “माता रानी की आराधना से ही हमारे जीवन में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है। पूजा के इन पावन दिनों में जब वातावरण धार्मिक गीत-संगीत से गुंजायमान होता है, तो यह न केवल हमारे मन को शांति देता है बल्कि समाज को एकजुट करने का कार्य भी करता है। माता रानी के आशीर्वाद से ही हम अपने नौकरी-पेशा और सामाजिक जीवन में सफल हो रहे हैं। यह भक्ति और आस्था हमारे सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की धरोहर है।”
पूजा पंडाल में उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम स्थल पर भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ भजन-कीर्तन का आनंद लिया। धार्मिक गीतों और एवरग्रीन गानों की धुनों पर देर रात तक श्रद्धालु झूमते नजर आए। आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से न केवल उत्सव की रौनक बढ़ती है बल्कि युवाओं में भी भारतीय संस्कृति और धर्म के प्रति लगाव जागृत होता है।
मौके पर सीएम हेमंत सोरेन की फुआ सुखी टुडू, ग्रामप्रधान कामदेव दास, दाराय बुरु, जेएलकेएम नेता तरुण महतो, पूर्व पंचायत समिति सदस्य शिवचरण राजवार, मधुसूदन गोप, फणीभूषण गोप, विश्वजीत लायक, विवेक गोप, नेपाल गोप समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।



