गम्हरिया में पीडीएस डीलर पर कालाबाजारी का आरोप, कार्रवाई न होने से उपभोक्ता परेशान

Manbhum Updates
3 Min Read

गम्हरिया में पीडीएस डीलर पर कालाबाजारी का आरोप, कार्रवाई न होने से उपभोक्ता परेशान

सरायकेला, 30 सितंबर : जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत बोलाईडीह के पीडीएस डीलर प्रदीप ठाकुर पर लगातार कालाबाजारी के आरोप लग रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि डीलर तीन महीने से उन्हें पूरा खाद्यान्न नहीं दे रहे हैं। जुलाई में केवल 43.44 प्रतिशत, अगस्त में 46 प्रतिशत और सितंबर में अब तक मात्र 60 प्रतिशत खाद्यान्न का ही वितरण किया गया है, जबकि विभागीय गोदाम से शत-प्रतिशत अनाज का उठाव कर लिया गया है।

स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि दुकान प्रायः बंद मिलती है। कई उपभोक्ताओं का अंगूठा मशीन पर लगवा लिया गया, लेकिन उन्हें राशन नहीं मिला। इस संबंध में पूछे जाने पर डीलर ने ई-पॉस मशीन की खराबी और अपनी खराब तबीयत को वजह बताया। साथ ही कहा कि बचा हुआ अनाज अगले महीने के कोटे से काट लिया जाता है।

सूत्रों का आरोप है कि डीलर ने सितंबर माह में लगभग 40 प्रतिशत खाद्यान्न की कालाबाजारी की है और बीमारी का बहाना बनाकर जांच से बच रहे हैं। जबकि तत्कालीन प्रभारी एमओ ने निरीक्षण के दौरान गड़बड़ियां पाई थीं और शो कॉज भी किया था, मगर कार्रवाई के बजाय उन्हें क्लीन चिट दे दी गई। बताया जाता है कि डीलर की पहुंच ऊपरी स्तर तक है, जिसके कारण शिकायतों के बावजूद कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली जाती है।

पूर्व जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा द्वारा भी निरीक्षण में गड़बड़ियां पाई गई थीं, लेकिन बाद में मामला दबा दिया गया। वहीं वर्तमान अंचल अधिकारी सह एमओ ने भी इस पर संज्ञान लिया है, मगर कार्रवाई कागजों तक ही सीमित है।

डीलर से जब सवाल किया गया तो उन्होंने बेपरवाही से कहा – “हमाम में सब नंगे हैं। नीचे वाला हो या ऊपरवाला, जब हिस्सेदारी समय पर पहुंचती ही है तो डर किस बात का।”

इस पूरे प्रकरण से गरीब उपभोक्ता परेशान हैं और विभागीय उदासीनता पर सवाल उठा रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर गरीबों को उनका पूरा हक कब और कैसे मिलेगा?

Share This Article