
पुरुलिया के चकड़ा-बेलकुड़ी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा, मछली बेचकर घर लौट रहा था मृतक
पुरुलिया, 07 नवंबर : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकड़ा और बेलकुड़ी के बीच एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार व्यक्ति उसके नीचे दब गया।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के घोंगा निवासी राघव कैवर्त (50) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह राघव बाजार में मछली बेचने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुरुलिया से चास मोड़ की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसकी चपेट में आ गए। ट्रक के नीचे दबने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।