ईचागढ़ : बैंक मित्र से लूट, साथी पर हमला – आखिर किसके वरदान से बचते जा रहे हैं थाना प्रभारी?

ईचागढ़, 30 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि वे बीच सड़क पर वारदातों को अंजाम देकर बेखौफ भाग जा रहे हैं। सोमवार शाम रांगामाटी–मिलन चौक मार्ग पर तीन अज्ञात अपराधियों ने बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मित्र फाल्गुनी गोप और उनके साथी दुर्गा सोरेन पर हमला कर तीन लाख रुपये लूट लिए। हमले में दुर्गा सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस की लापरवाही से बढ़े अपराधियों के हौसले
स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ईचागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस नाम की कोई चीज है भी या नहीं? न गश्ती, न चौकसी और न ही सुरक्षा व्यवस्था—नतीजा यह कि अपराधी आम लोगों पर आसानी से टूट पड़ते हैं।




