कपाली में तिरंगा थीम लाइट लगाने में हुई गड़बड़ी, लोगों ने जताई नाराजगी

चांडिल, 29 सितंबर : कपाली नगर परिषद की ओर से पूरे कपाली क्षेत्र में बिजली खंभों पर तिरंगा थीम आधारित लाइटें लगाई गई हैं। परिषद का निर्णय था कि लाइटें राष्ट्रीय ध्वज के रंगों के अनुरूप लगाई जाएंगी—सबसे ऊपर केसरिया, बीच में सफेद और नीचे हरे रंग की लाइट।
लेकिन कमारगोड़ा दुर्गा मंदिर के समीप लगाए गए कई खंभे में इस क्रम का पालन नहीं किया गया। यहां लाइटें उल्टे क्रम में लगाई गई हैं—ऊपर हरा, बीच में सफेद रंग और नीचे केसरिया रंग।
हालांकि, इससे सीधे तौर पर तिरंगा का अपमान नहीं माना जा रहा है, लेकिन तिरंगा थीम में हुई इस गलती से स्थानीय लोग और दुर्गा पूजा कमिटी के सदस्य नाराज हैं। उन्होंने नगर परिषद से अविलंब सुधार की मांग की है ताकि लाइटें सही क्रम में लग सकें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तिरंगा हमारे सम्मान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में जब इसके आधार पर थीम तैयार की गई है, तो उसका सही स्वरूप दिखना आवश्यक है। नगर परिषद की ओर से इस पर शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।



