सरायकेला में राजस्व एवं आंतरिक संसाधन की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

सरायकेला, 25 सितंबर : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्व एवं आंतरिक संसाधन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, जिला मत्स्य पदाधिकारी रौशन कुमार, उप निबंधक पदाधिकारी (सरायकेला एवं चांडिल) सहित नगर निकाय क्षेत्र के कार्यपालक पदाधिकारी और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विभागवार राजस्व संग्रहण की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले हुई प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। जिन विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक पाया गया, उन्हें कार्य की गति बनाए रखने का निर्देश दिया गया। वहीं, जिन विभागों की प्रगति धीमी रही, उन्हें ठोस कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य हासिल करने को कहा गया।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश
सभी विभाग तय समयसीमा में राजस्व संग्रहण का लक्ष्य पूरा करें। लंबित करों और बकाया राशि की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। नगर निकाय शीघ्रता से होल्डिंग टैक्स एवं अन्य कर संबंधी लंबित कार्य निपटाएं।
वहीं, अवैध खनन, अवैध शराब निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक के लिए सघन जांच और कड़ी कार्रवाई की जाए।विभागीय अधिकारी पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करें और किसी स्तर पर लापरवाही न बरतें।
उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि जिले की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए आंतरिक संसाधनों को बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे गंभीरता से ठोस कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में निरंतर प्रयास करें।



