श्रमिकों की मांगें मानी गईं, कुणाल षाड़ंगी की पहल से सफल रही श्रमिक-प्रबंधन वार्ता

जमशेदपुर/बहरागोड़ा, 25 सितंबर : शारदा प्रोजेक्ट बहरागोड़ा के श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का आज सुखद समाधान निकल आया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी की पहल पर श्रमिकों और कंपनी प्रबंधन के बीच वार्ता हुई, जो पूरी तरह सफल रही।
बैठक में श्रमिकों की ओर से रखी गई मांगों पर गंभीरता से चर्चा की गई। कंपनी के डायरेक्टर ने श्रमिकों की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और अंततः मजदूरी दर में बढ़ोतरी के साथ-साथ अन्य मांगों को भी स्वीकार कर लिया।
पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने इस मौके पर कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ हैं और उनकी जायज़ मांगों को पूरा करना न सिर्फ आवश्यक बल्कि न्यायोचित है। उन्होंने प्रबंधन की सराहना की कि उन्होंने संवेदनशीलता और सहयोग की भावना दिखाते हुए समझौते को स्वीकार किया। उन्होंने आशा जताई कि इस फैसले से श्रमिकों और प्रबंधन के बीच विश्वास और आपसी सौहार्द और मज़बूत होगा।

समझौते के बाद श्रमिकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने कुणाल षाड़ंगी और कंपनी प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि उनके संघर्ष को न्याय मिला। श्रमिकों ने विशेष तौर पर कुणाल षाड़ंगी की सराहना की, जिन्होंने आगे बढ़कर उनकी समस्याओं को न केवल गंभीरता से सुना, बल्कि समाधान तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।



