प्रमंडलीय आयुक्त पहुंचे खूंटी, राजस्व एवं विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश

Manbhum Updates
2 Min Read

प्रमंडलीय आयुक्त पहुंचे खूंटी, राजस्व एवं विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश

खूंटी, 24 सितंबर : दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त अंजनी कुमार मिश्र ने बुधवार को खूंटी जिला का दौरा किया। दौरे में उन्होंने जिला स्तरीय पदाधिकारियों संग राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों एवं विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक किया।

खूंटी जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त ने राजस्व, ग्रामीण विकास, कल्याण, पंचायतीराज, भू अर्जन, आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल छाजन सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए दाखिल-खारिज, राजस्व संग्रहण एवं लंबित मामलों पर उन्होंने कहा कि 90 दिनों से अधिक कोई भी आवेदन लंबित न रहे। आमजनों की सुविधा हेतु पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के क्रम में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आवास योजनाओं से जुड़े लाभुकों को क़िस्त की राशि का भुगतान ससमय किया जाए और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता पर करने का निर्देश दिया।

इसके पूर्व खूंटी जिला आगमन पर उपायुक्त आर. रॉनिटा ने पौधा भेंट कर आयुक्त का स्वागत किया, साथ ही जिला प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

Share This Article