कपाली से 62 युवक बंधनमुक्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

चांडिल, 30 अगस्त : कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया गांव से पुलिस ने 62 युवकों को बंधनमुक्त कराया है। ये सभी युवक बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मौके से पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंपनी के लोग युवकों को बहला-फुसलाकर कपाली क्षेत्र के किराए के मकानों में बंधक बनाकर रखे हुए हैं और उनसे जबरन काम कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार बिन्हा के नेतृत्व में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान सत्यम इंटरप्राइजेज और बिनमेकर आयुर्वेद प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनियों से जुड़े दस्तावेज और कागजात बरामद हुए।
जांच में खुलासा हुआ कि फर्जी कागजात दिखाकर कंपनी प्रतिनिधि युवकों को ट्रेनिंग और नौकरी का झांसा देकर बंधक बनाए हुए थे। मौके से तीन आरोपी सुपरवाइजरों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान बिहार के भागलपुर जिले के जनक कुमार (24 वर्ष), सुरेंद्र कुमार (22 वर्ष) तथा गया जिले के बिरेंद्र कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि सभी बंधनमुक्त युवक राज्य के बाहर के हैं और उन्हें सुरक्षित उनके घर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, एएसआई अमित सोरेन, हसनैन सरवर, विभाष कुमार चौधरी सहित टाइगर मोबाइल और झारखंड बल के जवान शामिल थे।



