
सरायकेला – खरसावां, 14 जून : जिले में जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “धरती आबा जनभागीदारी अभियान” की शुरुआत की गई। शनिवार को समाहरणालय परिसर से जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त सचिव बृजनंदन प्रसाद एवं उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रथ 15 से 30 जून 2025 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों का भ्रमण करेगा। इसके माध्यम से ग्रामीणों को शिविरों की तिथियों, स्थलों एवं उनमें दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य जनजातीय बहुल क्षेत्रों के योग्य नागरिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
शिविरों के माध्यम से आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं, बैंकिंग सुविधा, पेंशन, स्वरोजगार आदि आवश्यक सेवाएं स्थल पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य नागरिकों को जनजातीय सशक्तिकरण एवं जनभागीदारी के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए आशीष अग्रवाल, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
यह अभियान जिले में जनजागरूकता और सेवा-प्रदायगी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


