नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू, शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू, शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़े सुरक्षा इंतज़ाम

सरायकेला, 28 जनवरी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि निर्वाचन की घोषणा के साथ ही आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद एवं सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जिसका पालन सभी राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों एवं संबंधित व्यक्तियों के लिए अनिवार्य होगा। उन्होंने बुधवार को समाहरणालय सभागार में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत की उपस्थिति में प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को निर्वाचन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी प्रेस नोट संख्या-187, दिनांक 27 जनवरी 2026 के आलोक में जिले के नगर निकाय क्षेत्रों में नगरपालिका आम निर्वाचन कराया जाएगा।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पूर्व अनुमति के सभा, जुलूस या लाउडस्पीकर का उपयोग वर्जित रहेगा। आदर्श आचार संहिता या निर्वाचन नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने नगर निकाय क्षेत्रों के मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

 

सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क

 

मौके पर पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने कहा कि नगरपालिका निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिले के अति-संवेदनशील एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अवैध शराब की तस्करी, नकद वितरण एवं हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए विशेष टीम एवं फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं नफरत फैलाने वाली सामग्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही सभी लाइसेंसी हथियार धारकों को निर्धारित अवधि में अपने हथियार संबंधित थाना में जमा करने का निर्देश दिया गया है। बिना अनुमति के सभा, जुलूस अथवा लाउडस्पीकर के उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

मतदान केंद्रों का विवरण

 

आदित्यपुर नगर निगम : 35 वार्ड – 136 मतदान केंद्र, कपाली नगर परिषद : 21 वार्ड – 31 मतदान केंद्र, सरायकेला नगर पंचायत : 11 वार्ड – 13 मतदान केंद्र

 

मतदाताओं का विवरण

 

आदित्यपुर नगर निगम:

कुल मतदाता – 1,39,889 (पुरुष 70,837, महिला 69,051, तृतीय लिंग 01),

कपाली नगर परिषद :

कुल मतदाता – 33,766 (पुरुष 16,509, महिला 17,256, तृतीय लिंग 01), सरायकेला नगर पंचायत :

कुल मतदाता – 10,762 (पुरुष 5,410, महिला 5,352)

 

निर्वाचन कार्यक्रम

निर्वाचन की सूचना प्रकाशन : 28 जनवरी 2026, नामांकन दाखिल : 29 जनवरी से 04 फरवरी 2026, नामांकन की संवीक्षा : 05 फरवरी 2026, नाम वापसी की अंतिम तिथि : 06 फरवरी 2026, प्रतीक आवंटन : 07 फरवरी 2026, मतदान : 23 फरवरी 2026 (प्रातः 7 बजे से अपराह्न 5 बजे तक), मतगणना : 27 फरवरी 2026 (प्रातः 8 बजे से)।

Share This Article